बांदा , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बदौसा थाना क्षेत्र की पुलिस ने महिला की खरीद-फरोख्त के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित महिला को सकुशल बरामद कर उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) सौरभ सिंह ने गुरुवार को बताया कि महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान साक्ष्य एकत्र किए गए और सूचना के आधार पर बड़ोखर खुर्द बाईपास चौराहे के निकट से मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बदौसा थाना क्षेत्र के हड़हा माफी गांव निवासी विनय, राम भवन, गरीबदास और उदित उर्फ लक्कू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला कि विनय छत्तीसगढ़ स्थित एक लोहे की कंपनी में कार्यरत एक महिला को बांदा लेकर आया था और उसे 20 हजार रुपये में राम भवन को सौंप दिया। बाद में पूरी रकम नहीं मिलने पर महिला को गरीबदास के पास भेज दिया गया। इस पूरे लेन-देन में उदित उर्फ लक्कू की मध्यस्थ की भूमिका सामने आई है।

सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद महिला को संरक्षण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। साथ ही पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित