बांदा , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में महिला को गोली मारने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि 10 अप्रैल की रात मरका थाना क्षेत्र के अरमान गांव में पुरानी रंजिश के चलते बारे लाल की पत्नी छैल कुमारी (45) पर उस समय हमला किया गया, जब वह पशु बाड़े में बकरी बांधने गई थीं। आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली उनके पेट में लगी थी।

घटना की सूचना पर घायल महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विस्तृत विवेचना की गई। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को हिस्ट्रीशीटर कृष्ण दत्त तथा जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्ण दत्त के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी, गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित