बांदा , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में शनिवार को देर रात एक युवक ने प्रेम विवाह करने के बाद शादी से असंतुष्ट सास की हत्या कर दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने रविवार अपराह्न जानकारी देते हुए बताया कि कोर्रही गांव में लव कुश वर्मा ने लगभग 8 माह पूर्व बानो (45) की पुत्री आलिया को ले जाकर शादी कर ली थी और शादी के बाद वह आलिया को लेकर कमाने के लिए सूरत चला गया था और अप्रैल माह में गांव लौटा था। प्रेम विवाह से आलिया की मां बानो नाराज थी और वह प्रेम विवाह का विरोध करती थी। इसी बीच पत्नी आलिया से उसका कुछ विवाद पति लवकुश से हुआ और झगड़े के बाद आलिया अपनी मां बानो के साथ उसके घर पर रहने लगी। शनिवार देर शाम आलिया ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया और अपना सामान लेने हेतु लव कुश के घर गई। इसी विवाद के चलते दामाद लव कुश में अपनी पत्नी से विवाद का कारण सास को मानते हुए अपने चाचा छोटे लाल व संतु के साथ मिलकर सास पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि घटना का मुकदमा पंजीकृत कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और शव को बरामद कर आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया और आगे की विधि कार्रवाई शुरू की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित