बांदा , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में पिता की गोली मारकर हत्या का प्रयास करने के आरोपी पुत्र को शुक्रवार को उसके मामा सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि 28 सितंबर को क्षेत्र के मुरवल गांव में महादेव को उनके पुत्र शिवा एवं साले कामता ने पारिवारिक एवं जमीन संबंधी विवाद के चलते उन्हें जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली मार दी थी। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे । उन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि सूचना पर तत्काल मौके में पहुंची बबेरू पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए । मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया ।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीमों द्वारा लगातार अभियुक्तों की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे कि सूचना पर दोनों अभियुक्तों को गैस एजेंसी से थोड़ा आगे तुर्की तालाब के पास से गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं कारतूस भी बरामद किया ।

उन्होंने बताया कि पिता की हत्या के प्रयास के आरोपी शिवा और उसके मामा कामता को गिरफ्तारी के बाद आज न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित