बांदा , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में हसिया से हमला कर पिता की हत्या करने के आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेजा गया ।
आज यहां जारी पुलिस विज्ञप्ति में बताया गया कि हत्यारोपी पुत्र के कब्जे से आला कत्ल हसिया भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शहर कोतवाली के ग्राम बांधा पुरवा निवासी 65 वर्षीय मोतीलाल यादव की शुक्रवार रात करीब 9 बजे अपने बड़े पुत्र नीलम उर्फ नथुवा से जमीन को लेकर कुछ मामूली विवाद हुआ था । उसी समय क्रोध में आकर नीलम ने अपने पिता मोतीलाल के गले और सिर पर हसिया से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी सौरभ सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा। थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके की गहनता से जांच कर सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक व भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया था। साथ ही घटना का मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था और आरोपी को घटना के तत्काल बाद बीती रात्रि नेवादा गांव के निकट यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर आज उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित