बांदा , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में रविवार को मासूम दो सगे भाइयों की हत्या के आरोप में पूर्व मंत्री के पुत्र एवं समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र पाल बर्मा को उसके हिस्ट्रीशीटर साथी सहित गिरफ्तार किया गया।

इस हत्याकांड में नौ नामजद आरोपियों में अब तक सात की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि हत्या के मुकदमे में नामजद दो महिलाएं अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुलिस ने बताया कि 30 सितंबर की रात्रि नंदवारा गांव निवासी भईया लाल के दो पुत्रों मनोज (6) युवराज (4) के शव गांव में पानी भरे गड्ढे से बरामद कर उनका पोस्टमार्टम कराया गया था। घटना का मुकदमा 9 लोगों को नामजद कर दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच की और साक्ष्यों का संकलन कर एक पुत्र सहित एक दंपति व दो अन्य कुल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

पुलिस ने बताया कि दर्ज मुकदमे में प्रदेश के दो बार मंत्री और पांच बार विधायक रह चुके दिवंगत सुरेंद्र पाल वर्मा के पुत्र समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र वर्मा उर्फ राजू अपने हिस्ट्री शीटर साथी ओमकार उर्फ शेरा सहित 4 नामजद आरोपी फरार थे।

पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस सब- इंस्पेक्टर और एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर प्रभारी निरीक्षक नरैनी कोतवाली को हटाकर पुलिस कार्यालय में सम्बद्ध कर घटना की जांच हेतु नौ सदस्यीय एसआईटी गठित किया था।

इसके बाद पुलिस ने आज वैज्ञानिक और विस्तृत जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना में नामजद पूर्व मंत्री के पुत्र एवं समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र वर्मा को उसके हिस्ट्रीशीटर साथी ओंकार उर्फ शेरा सहित गिरफ्तार किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि थाना नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गाँव में हुई दो मासूम बच्चों की हत्या की घटना का मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जिसमें नामित अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्य संकलन की कार्यवाही प्रचलित है । पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर अभियुक्तों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट न्यायालय से प्राप्त किया गया था । उसी के क्रम में आज थाना नरैनी पुलिस व एसओजी टीम द्वारा उक्त दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया और प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित