बांदा , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसण्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर थाने से फरार किशोरी के दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि बिसण्डा पुलिस ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महोखर गांव निवासी मलखान को गिरफ्तार किया गया था। जो विगत 1 नवंबर वर्ष 2026 को थाने से पुलिस अभिरक्षा से निगरानी के दौरान चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया था। घटना का मुकदमा अभियुक्त के विरुद्घ पंजीकृत कर गिरफ्तारी हेतु तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जिस क्रम में थाना बिसंडा पुलिस द्वारा सुरागरसी पतारसी, सीसीटीवी फुटेज एवं सर्विलांस के माध्यम से अभियुक्त की गिरफ्तारी के निरंतर प्रयास किए जा रहे थे।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आज मिली सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने थाने में पुलिस अभिरक्षा से फरार किशोरी के दुष्कर्म के आरोपी सलमान को बांदा नगर के कचहरी परिसर से गिरफ्तार किया। आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था। अभियुक्त की निशांदेही पर थाना कोतवाली देहात के ग्राम बरगहनी से हथकड़ी भी बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित