बांदा , नवंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के लिये ब्लॉक स्तर पर कैंप आयोजित किये जा रहे हैं। जिससे उन्हें जिला मुख्यालय में पहुंचने की समस्या से निदान मिल सके और और वे अपने निवास क्षेत्र में स्थित ब्लॉक में पहुंचकर अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन कर सके। मुख्य कोषाधिकारी ने बुधवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में सेवानिवृत्त पेंशनरों / पारिवारिक पेंशनरों के अधिक से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र भराए जाने के उद्देश्य से कोषागार कार्यालय की टीमों द्वारा निर्धारित तिथियों में विकास खण्ड मुख्यालयों के ब्लाक संसाधन केन्द्रों में पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आनलाइन भराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को विकास खण्ड नरैनी में, 13 नवंबर को विकास खण्ड बिसण्डा में, 16 नवंबर को विकास खण्ड जसपुरा में और 17 नवंबर को विकास खण्ड कमासिन में कैंपो का आयोजन किया गया। सभी कैंप दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होंगे।
उन्होंने उपरोक्त विकास खण्डों में निवास कर रहे समस्त पेंशनरों से अपील करते हुए अनुरोध किया कि वे सभी अपने निवास क्षेत्र में स्थित ब्लॉक में अधिक से अधिक संख्या में पहुँच कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आनलाइन जमा करवाने का कष्ट करें। जिसके लिए अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा मोबाइल साथ में लेकर आना अनिवार्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित