बांदा , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मटौन्ध थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिछले 24 घंटे के भीतर 34 बीघा भूमि की जाली रजिस्ट्री कराने वाले 10-10 हजार रुपये के चार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटला मोहल्ला निवासी देविया की 34 बीघा भूमि की जाली रजिस्ट्री कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कराई गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारम्भ की। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू की गई। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया और शनिवार को मटौन्ध थाना क्षेत्र के इटवा गांव निवासी केदार तथा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लुकतरा गांव निवासी दिलीप को गोयरा मुगली चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इसी क्रम में रविवार को नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के बिजलीखेड़ा, बांदा नगर निवासी आजम खान तथा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जौरही गांव निवासी भगवत प्रसाद को भूरागढ़ बाइपास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि जाली रजिस्ट्री के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित