बांदा , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में चाचा की गोली मारकर हत्या के प्रयास के आरोपी को उसके तीन पुत्रों सहित गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि फफूंदी गांव निवासी उमाशंकर कुशवाहा (42) और रमेश कुशवाहा चाचा और भतीजे के बीच सोमवार देर रात खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके चलते रमेश ने अपने तीन बेटों के साथ मिलकर चाचा उमा शंकर को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार हेतु रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां से मंगलवार को बेहतर इलाज के लिए उसे कानपुर के लिए रेफर किया गया।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रमेश को उसके तीनों पुत्र रामू , सीमू और चुक्कू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पिता और पुत्रों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित