बांदा , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को चार मंजिला भवन में स्थित एक थोक गारमेंट्स की दुकान एवं गोदाम में भीषण आग लगने से चार दोपहिया वाहनों सहित एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना में भवन में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार, महेश्वरी देवी मंदिर के निकट स्थित कल्पना गारमेंट्स की थोक दुकान और गोदाम चार मंजिला भवन में संचालित है। भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर प्रतिष्ठान के स्वामी भरत कुमार गुप्त अपने परिवार के साथ रहते हैं। साप्ताहिक अवकाश के कारण मंगलवार को दुकान बंद थी और परिसर में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी समेत चार दोपहिया वाहन खड़े थे। सुबह अचानक दुकान एवं गोदाम में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें भवन की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गईं, जहां उस समय भरत कुमार गुप्त की पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे।

स्थानीय लोगों और पड़ोसियों की मदद से परिवार को बगल की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा दुकान का शटर तोड़कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक दुकान में रखा गारमेंट्स का बड़ा स्टॉक, गोदाम का सामान तथा चारों दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो चुके थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मतलूब हुसैन ने बताया कि दमकल कर्मियों ने समय रहते भवन में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। क्षति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी और संभव है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित