बांदा , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने किसान पर जानलेवा हमले के मामले में पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नरैनी कस्बे के देवीन नगर निवासी छोटेलाल और रामनरेश के बीच जमीन-जायदाद को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते गत 12 मई को जमीन पर कब्जे को लेकर रामनरेश ने अपने पुत्र अंकुर तथा अतर्रा रोड निवासी शाह आलम समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर छोटेलाल पर लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टरी रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को पाड़ा गांव मोड़ के पास से आरोपी रामनरेश, उसके पुत्र अंकुर और शाह आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित