बांदा , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को गेहूं खरीद में घटतौली पर पकड़े जाने के बाद किसानों पर गोली चलाने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार किसानो पर हमला करने वाले लोग संगठित गिरोह के सदस्य हैं जाे बिजनौर जिले के बताए गए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि गत 26 जून को पैलानी थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा गांव में गेहूं खरीद करने वाला एक गिरोह पहुंचा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू से छेड़छाड़ कर ज्यादा गेहूं की तौल की। जब किसानों ने दूसरे तराजू में गेहूं तौला तब घटतौली साबित हुई। जिसका विरोध ग्रामीणों ने किया तभी जानलेवा हमलाकर किसानों पर गोली चलाते हुए पूरा गिरोह फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि जिले में घटतौली के मामलों की शिकायत के आधार पर पैलानी और कोतवाली देहात थानों में मुकदमा पंजीकृत किये गये और घटना के खुलासा हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना की विस्तृत छानबीन की गई और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर जसपुरा पुलिस ने झंझरी पुरवा मार्ग पर एक चार पहिया सवार सात लोगों की घेरा बंदी की।
पुलिस ने वाहन सवार बिजनौर जिले के बढ़ापुर थाना क्षेत्र की लाल सराय कस्बा निवासी मोहम्मद अतीक, कोतवाली देहात क्षेत्र के गौसपुर सादात निवासी जमील व मोहम्मद मुकीम , थाना हीमपुर के सदाबाद निवासी कलीम , थाना कोतवाली शहर के मडौली सैदू निवासी नवील अहमद , भोगन थाना क्षेत्र के फरीदपुर निवासी मोहम्मद जासिद और मोहम्मद शाकिब को गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से घटतौली कर खरीदा गया 94 कुंतल गेहूं , घटतौली के माध्यम से खरीदे गए गेहूं की बिक्री कर अर्जित की गई 2 लाख 57 हजार 3 सौ रुपए की नगद धनराशि , घटना में एक प्रयुक्त एक चार पहिया व एक डीसीएम वाहन घटतौली में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू , एक अवैध तमंचा व कारतूस और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से विस्तृत पूछताछ जारी है और पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। साथ ही प्रदेश के किन-किन जिलों में गिरोह द्वारा घटतौली कर गेहूं की खरीद की गई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित