बांदा , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही बरतने पर तीन उप जिलाधिकारियों और तीन तहसीलदारों समेत 21 अधिकारियों का सितंबर माह का वेतन रोक दिया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्रवाई की जद में अतर्रा, पैलानी और बबेरू के उप जिलाधिकारी, नरैनी, अतर्रा और बबेरू के तहसीलदार, अधिशासी अभियंता विद्युत (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रभागीय वन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक), जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी समेत 21 अधिकारी शामिल हैं।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता तथा शिकायतकर्ताओं से मिले फीडबैक की समीक्षा की। समीक्षा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण नहीं पाया गया। इसके चलते शिकायतकर्ताओं से असंतोषजनक फीडबैक अधिक प्राप्त हुआ, जिसका असर आईजीआरएस रैंकिंग पर भी पड़ा।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित