बांदा , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि साइबर ठगों ने जिलाधिकारी अमित आसेरी की फोटो का इस्तेमाल करते हुए फेसबुक पर फर्जी आईडी बनायी है। इस फर्जी खाते के माध्यम से लोगों को जोड़कर ठगी के प्रयास किये जा रहे हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जिलाधिकारी के नाम से आने वाली किसी भी संदिग्ध फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और ऐसे खातों से सावधान रहें।
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत अथवा वित्तीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित