बांदा , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के बांदा मंडल कारागार में तैनात 30 वर्षीय महिला वार्डन ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ कराया है। मंडल कारागार के जेलर आलोक कुमार ने बताया कि मृतका झांसी के नवाबाद मोहल्ले की निवासी थी और कारागार परिसर में बने सरकारी आवास में अकेले रहती थी। मंगलवार दोपहर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना मिलने पर सहकर्मियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे वीरांगना रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मृतका के परिजनों को सूचना देकर बांदा बुला लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित