बांदा , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में रविवार को एक अधेड़ मजदूर का शव रजबहा नहर में बरामद किया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आज कुछ महिलाओं की नजर बबेरू कस्बे की रजबहा नहर के पानी में तैरते हुए शव पर पड़ी। जिनसे पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर तत्काल समस्त संबंधित पुलिस अधिकारी अपने दल के साथ मौके पर पहुंच कर शव को नहर से निकाल कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

शव की पहचान फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सालरह निवासी (58) रईस शाह के रूप में हुई। वह बबेरू कस्बे में स्थित एक गौशाला में करीब छह माह से मजदूरी करता था। वह शनिवार की देर रात्रि देवी दर्शन हेतु निकला था।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना नहर में डूब कर होने से प्रतीत हुई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के कारण स्पष्ट होंगे।

उन्होंने बताया घटना स्थल से कुछ ही दूर पर मृतक के आधार कार्ड, पैन कार्ड फोटो व डायरी, साफी, लाठी मोबाइल मिले। डायरी में लिखे नंबरों के आधार पर उसके परिवार से संपर्क कर सूचना दी गई और घटना स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया और घटना की विस्तृत जांच शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित