पटना , सितंबर 08 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश के साथ गंगा जलसंधि के नवीनीकरण के समय बिहार के हितों का पूरा ख्याल रखना चाहिए।
श्री चौधरी ने जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वर्ष 2026 में भारत-बांग्लादेश गंगा जलसंधि के 30 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इसी वर्ष इसका नवीनीकरण होना है। उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समय-समय पर इस संधि से बिहार को होने वाले नुकसान से केंद्र सरकार को अवगत कराते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री, विदेश मंत्री और जल शक्ति मंत्री से मिले और आग्रह किया था कि बांग्लादेश के साथ गंगा जलसंधि के नवीनीकरण के दौरान बिहार के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन भी मिला है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा जलसंधि वर्ष 1996 में तत्कालीन प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा के कार्यकाल में हुई थी। उस समय बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सरकार थी और लालू प्रसाद यादव का राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत था। उन्होंने कहा कि यदि उस समय श्री यादव चाहते तो बिहारवासियों के हितों के प्रतिकूल इस संधि को रोकने का प्रयास कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसका खामियाजा बिहार पिछले 30 वर्षों से भुगत रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित