सहारनपुर , अप्रैल 1 -- बांग्लादेशी नागरिक के दारूल उलूम देवबंद के छात्रावास में पांच वर्ष तक रहकर पढ़ाई करने के मामले में कोर्ट द्वारा दिए गए जांच आदेशों के अनुपालन को लेकर बजरंग दल नेता ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक विकास त्यागी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, केंद्रीय गृह सचिव और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि देवबंद कोर्ट के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सरदार परविंदर सिंह ने मामले में जांच को अपर्याप्त बताते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
प्रकरण के अनुसार बांग्लादेश निवासी तालहा ताल्लुकदार बिन फारूख दारूल उलूम देवबंद के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसे स्थानीय खुफिया इकाई और पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसके पास से प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित सामग्री बरामद हुई थी। मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि मामले की गहराई से जांच आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित व्यक्ति भारत में अवैध रूप से कैसे प्रवेश कर शिक्षण संस्थान तक पहुंचा और वहां रह रहा था। विकास त्यागी ने कहा कि राष्ट्रहित में इस प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच जरूरी है, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए देवबंद में एटीएस सेंटर भी स्थापित किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित