कोरबा , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो बांध में छलांग लगाने वाले 24 वर्षीय युवक रंजीत यादव का घटना के करीब 48 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश के लिए पुलिस और जिला नगर सेना के बाद अब एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत यादव अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए बांगो डैम आया था। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच डैम में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी थी। इसी दौरान रंजीत ने बांध में छलांग लगा दी और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। शाम तक लगातार खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल पाया। पानी का बहाव तेज होने और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान को रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया।

इधर, युवक की तलाश तेज करने के बीच बांगो बांध का गेट नंबर-2 भी खोल दिया गया है। अब तक बांध के कुल 9 गेट खोले जा चुके हैं। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कोरिया और सूरजपुर जिले में हुई भारी बारिश के चलते बांध का जलस्तर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित