पटना , जुलाई 05 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को कहा कि यह चुनाव प्रदेश में छह महीने पुरानी सम्राट चौधरी सरकार के कार्यों की परीक्षा लेगा और जनसुराज की जीत बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत देगी।जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में श्री किशोर के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनाये जाने की घोषणा की।

जनसुराज के सूत्रधार श्री किशोर ने इस घोषणा के बाद पार्टी की कोर कमिटी को इस विश्वास के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि बांकीपुर एक प्रबुद्ध विधानसभा क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में यह तय होगा कि पिछले छह महीने में बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने कैसा काम किया है। उन्होंने कहा कि इस बार भी यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत मिलती है तो उन्हें यह कहने में गुरेज नही होगा कि जनता को बिहार में सम्राट चौधरी सरकार का कामकाज पसंद आ रहा है।

श्री किशोर ने कहा कि बांकीपुर के चार लाख मतदाता इस अवसर को महज उपचुनाव की तरह मत देखे। उन्होंने कहा कि यह बिहार के भविष्य को तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता एक बात के लिए आश्वस्त रहे कि जीत के बाद जनसुराज का एक उम्मीदवार बिहार विधानसभा में 242 विधायकों पर भारी पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित