पटना , जुलाई 10 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा की है।
श्री बंटी ने आज बिहार भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इस आशय का एक पत्र सौंप दिया।
बांकीपुर विधानसभा से भाजपा के घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने संवाददाताओं से कहा कि इस अवसर को देने के लिए वह प्रदेश भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं, लेकिन इसके साथ ही विनम्रता से आग्रह करते हैं कि वह चुनाव पारिवारिक कारणों की वजह से लड़ने में असमर्थ हैं।
श्री बंटी ने अपने संबोधन के अंत में बांकीपुर विधानसभा चुनाव से अपना नामांकन वापस लेने की घोषण की और कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में वह पार्टी के प्रति समर्पित हैं और भविष्य में निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएँ देते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री बंटी ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था। इस चुनाव में जनसुराज ने अपने सूत्रधार प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। इस चुनाव में नामांकन की आखिरी तिथि 13 जुलाई है और मतदान 30 जुलाई को होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित