पटना , जुलाई 14 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने मंगलवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में हर तरफ बदलाव की बयार दिख रही है और महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की जीत पहले से तय है।

श्री अहमद ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से एक ही परिवार और पार्टी के प्रतिनिधित्व के बावजूद बांकीपुर में विकास दिखाई नही देता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में राजद की प्रत्याशी लालू प्रसाद के विचार और तेजस्वी के कार्यों के साथ सामाजिक समीकरणों को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि श्रीमती गुप्ता इस क्षेत्र में आधी आबादी के प्रतिनिधित्व को मजबूती प्रदान कर रही हैं और उन्हें हर वर्ग के बीच स्वीकार्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लिए भाजपा के पास कोई विजन है या मिशन नहीं है।

श्री अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का क्षेत्र होने के बावजूद पार्टी ने जिस तरह से बांकीपुर में उम्मीदवार चुनने में हड़बड़ी दिखाई उससे संगठन और उम्मीदवार चुनने के प्रति भाजपा की गंभीरता संदेह के दायरे में आ गई। उम्मीदवार के चयन के बाद सिर्फ एक दिन बाद उसे बदल देना इस बात का प्रतीक है कि भाजपा हार के अंदेशे से डरी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा बांकीपुर के चुनाव में जिस उम्मीदवार का चयन किया है उसके पास ना कोई सोच है ना ही विचार है और स्पष्ट रूप से भाजपा सिर्फ प्रचार के दम पर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार के पास बांकीपुर की कोई जमीनी समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पास इस क्षेत्र की समझ के साथ सर्वांगीण विकास का एक रोड मैप भी है, जिसे लेकर वह जनता के बीच जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता ने श्रीमती गुप्ता को जीत दिलाने का मन बना लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित