पटना , जुलाई 26 -- ांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों तथा जनसंपर्क अभियान की विस्तृत समीक्षा की एवं फीडबैक लिया।बैठक के दौरान श्री कुमार ने सभी नेताओं से क्रमवार विस्तृत चर्चा की और प्रत्येक नेता से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे चुनाव प्रचार अभियान, संगठन की सक्रियता, विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों, मतदाताओं के रुझान तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो रहे जनसमर्थन की जानकारी ली। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को भी गंभीरता से सुना तथा चुनाव अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में चल रहे चुनाव प्रचार की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी नेताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में उपस्थित नेताओं ने क्षेत्र में किए जा रहे चुनाव प्रचार, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच मिल रहे सकारात्मक समर्थन की जानकारी श्री कुमार के साथ विस्तार से साझा की। सभी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन हासिल हो रहा है और चुनाव में उन्हें रिकाॅर्ड मतों से जीत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित