पटना , जुलाई 28 -- ांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पटना नगर निगम ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 पोलिंग बूथों पर नगर निगम के कुल 1,266 कर्मियों की तैनाती की गई है, जो मतदान से पूर्व और मतदान दिवस पर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मंगलवार को नगर निगम द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर विशेष सफाई अभियान चलाते हुए डीप क्लीनिंग कराई गई। प्रत्येक मतदान केंद्र के कमरों, बरामदों, शौचालयों, पूरे परिसर तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्गों की गहन सफाई की गई। इसके साथ ही सभी बूथों पर चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, एंटी लार्वा ट्रीटमेंट तथा फॉगिंग कराई गई। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो सफाई कर्मी तैनात किये गए हैं।

मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा सभी पोलिंग बूथों पर पेयजल काउंटर भी स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक बूथ पर 20-20 लीटर क्षमता वाले कम-से-कम तीन जार उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक पेयजल काउंटर पर एक-एक निगम कर्मी की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही नगर निगम द्वारा 'स्वीप टू बूथ' अभियान के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित