पटना , जुलाई 30 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की आपसी कश्मकश के बीच मतदान गुरुवार को सम्पन्न हो गया और मतदान केंद्रों पर वोटिंग के बाद बाहर निकलने वाले मतदाताओं की मिलीजुली प्रतिक्रिया इस बात की ओर इशारा करती है कि आसान नहीं है डगर पनघट की।

मतदान संख्या 36, किडजी प्री स्कूल, बोरिंग कैनाल रोड पर एक अद्भुत मतदाता में मुलाकात हुई। आजादी के बाद तकरीबन हर मतदान में हिस्सा ले चुके 95 वर्षीय डॉ. गोकुलानंद सहाय ने यूनीवार्ता से कहा कि सुना है बांकीपुर में प्रचार करने वालों की फौज उतरी है, लेकिन मेरे जैसे बुजुर्ग को कोई पर्ची देने भी नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकार से वह खफा तो नहीं है, लेकिन उम्मीद करते है कि वह बुजुर्गों का भी ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र और शारीरिक मजबूरी की वजह से उनका बाहर निकलना बहुत कम हो गया है और उन्हें समझ में नही आता है कि कर्मचारी भविष्य निधि के पास फंसे हुए लाखो रूपये वह कैसे निकालें।

बोरिंग रोड में ही रहने वाली पटना विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट सरिता सिंह ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को अपना उम्मीदवार सोच समझ कर चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को पढ़ा लिखा और जुबान वाला होना चाहिए, जो बड़े नेताओं की कठपुतली बनने के बजाय जनता की आवाज बने।

सुश्री सिंह ने कहा कि किसी पार्टी और विचारधारा से दूर उन्होंने सबसे योग्य उम्मीदवार को अपना मत दिया है।

मतदान केंद्र 04, उत्तरी भाग, राजापुल में अपना वोट डालने आई रिम्पी ने कहा कि वह विकास के नाम पर मतदान कर रही हैं, उन्होंने कहा जो विकसित बिहार की कल्पना को साकार करेगा, वह उसी के साथ हैं।

बांकीपुर गर्ल्स उच्च विद्यालय में चार मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी थी, लेकिन मतदाताओं में उत्साह की कमी देखी जा रही थी, तभी नजर जेन-जी आद्रता पर पड़ी। बीबीए (प्रबंधन) की पढ़ाई कर रही पहली बार की वोटर आद्रता ने बताया कि वह फाइनेंस में विशेषज्ञ डिग्री हासिल करना चाहती है। घर की आर्थिक हालत ठीक नही है, इसलिए वह बीबीए के बाद पहले जॉब तलाश करेगी, उसके बाद कुछ पैसे जमा कर एमबीए में नामांकन लेंगी। आद्रता ने साफ शब्दों में कहा कि वर्तमान सरकार पास युवाओं को अवसर देने के लिए कोई खास कार्यक्रम नहीं है और प्रतियोगिता परीक्षाओं की पारदर्शिता भी संदेह के घेरे में है। उसने साफ शब्दों में कहा कि उसका मत सरकार के खिलाफ और एक पढ़े लिए योग्य उम्मीदवार को गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित