‎पटना , जुलाई 09 -- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' के नामांकन के बाद राजधानी के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में गठबंधन के नेताओं ने एकजुटता का भव्य प्रदर्शन किया।

‎इस सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता संजय पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सहित राजग के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

‎सभी नेताओं ने एक स्वर में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

‎ इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि उनकी पार्टी की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यहां बूथ स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता को भी टिकट देकर चुनाव लड़ाया जाता है। अभिषेक कुमार सिन्हा "बंटी" इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर पीढ़ियों से भाजपा का गढ़ रहा है और यहां के हर घर का भाजपा से आत्मीय संबंध है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बांकीपुर का जो विकास हुआ है, वह भाजपा और राजग सरकार की नीतियों का परिणाम है।

श्री सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हमेशा बांकीपुर की जनता के सुख-दुख में साथ रहे हैं और अब अभिषेक कुमार उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।

‎‎भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं को बांकीपुर की जनता पहचानती तक नहीं, वह चुनाव लड़ने आ गए हैं। अभिषेक कुमार हर वार्ड और हर परिवार से जुड़े हुए हैं, जबकि विपक्षी उम्मीदवारों का स्थानीय जुड़ाव ही सवालों के घेरे में है। उन्होंने विपक्ष के नेताओं के पुराने राजनीतिक दावों की याद दिलाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और चुनाव में करारा जवाब देगी।

‎‎जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि अभिषेक कुमार भाजपा के प्रत्याशी हैं, लेकिन वह समूचे राजग परिवार के साझा उम्मीदवार हैं। गठबंधन के सभी पांचों घटक दल पूरी मजबूती के साथ उनके समर्थन में चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने बताया कि अभिषेक कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित