पटना, जुलाई 19 -- भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ भीम सिंह ने शनिवार को कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार नीरज सिन्हा भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।
सांसद डॉ सिंह ने राजग उम्मीदवार के पक्ष में दो दिवसीय जनसंपर्क अभियान चलाने के बाद आज एक बयान जारी कर कहा कि श्री सिन्हा के मुकाबले शेष प्रतिद्वंदियों की जमानत ज़ब्त होने जा रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि राजग उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में लहर है और मतदाताओं पर प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का खासा असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के मन पर अपने प्रतिनिधि नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का भी खास असर है। ऐसी स्थिति में विपक्षी उम्मीदवारों के लिए कोई अवसर दिखाई नही दे रहा है और जनता उनके पक्ष में मतदान नही करेगी।
उल्लेखनीय है कि आज डॉ भीम सिंह के नेतृत्व में बांकीपुर के इलाकों में दो दिवसीय जनसंपर्क अभियान चलाया गया और इस क्रम में जोगिया टोली, जकनपुर, मीठापुर, आदर्श नगर, 70 फीट आदि अत्यंत पिछड़ी चन्द्रवंशी बाहुल्य मुहल्लों में घर-घर संपर्क, चाय पर चर्चा, पॉकेट मीटिंग आदि आयोजित किए गए। इस जनसंपर्क में यूपी शर्मा, रमन सिंह चन्द्रवंशी, जीत कुमार, डॉ धर्मेंद्र चन्द्रवंशी, जेपी चन्द्रवंशी, सुबोध कपूर, राकेश कुमार, पुनु चन्द्रवंशी, दीपू चन्द्रवंशी, उमानाथ चन्द्रवंशी आदि नेता उनके साथ थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित