पटना , जुलाई 15 -- बिहारी बाबू के नाम से मशहूर बॉलीवुड के अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार में होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की प्रशंसा की और वहां के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वह दलगत राजनीति और जातिगत सीमाओं से उठ कर श्री किशोर का समर्थन करें।श्री सिन्हा ने आज सोशल मीडिया पर कहा कि बिहार में बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर सबसे योग्य उम्मीदवार होने के साथ एक कुशल राजनीतिक रणनीतिकार तथा जन-जन के नेता हैं। उन्होंने कहा कि श्री किशोर जिंदगी की हर परीक्षा में सफल रहे हैं।
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता श्री सिन्हा ने कहा कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारी जनसमर्थन और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह देखते ही बन रहा था।
श्री सिन्हा ने कहा कि 'बिहारी बाबू' की छवि के साथ वह किसी भी राज्य, विशेषकर बिहार, की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप नहीं करते हैं, लेकिन विशेष परिस्थिति में बिहार के कल्याण और समग्र विकास के लिए उन्होंने सही उद्देश्य के साथ सही व्यक्ति का समर्थन करने का फ़ैसला लिया है। उन्होंने कहा कि श्री किशोर जैसे व्यक्ति को प्रोत्साहन देना वह अपना कर्तव्य भी समझते हैं।
सांसद श्री सिन्हा ने बांकीपुर के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वह दलगत राजनीति और जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर श्री किशोर का समर्थन करें। उन्होंने श्री किशोर को अपनी व्यक्तिगत शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित