पटना , जुलाई 13 -- बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा कि पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में जनता का भरपूर जनसमर्थन और आशीर्वाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ है।
मंत्री श्री कुमार ने आज जनता दल यूनाइटेड प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर श्री कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि बांकीपुर में जनता राजग के साथ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद प्रदेश में नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने विकास जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उनसे जनता अत्यंत प्रभावित है। वर्तमान में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राजग सरकार उसी विकास मॉडल को आगे बढ़ाते हुए जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक श्री इंद्रदेव पटेल एवं विधायक श्री अरुण मांझी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित