पटना , जुलाई 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेंगे।बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भव्य रोड शो के बाद आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज का ऐतिहासिक रोड शो और जनसभा इस बात का प्रमाण है कि बांकीपुर का जन-जन नितिन नवीन के साथ आत्मीय संबंध रखता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हजारों लोग सड़कों पर उतरकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने पहुंचे, उससे स्पष्ट है कि जनता का आशीर्वाद भाजपा और राजग के साथ है।
श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा ने एक समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है और पूरा संगठन उनकी जीत को अपना अभियान बना चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 30 जुलाई को सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कमल के निशान के पक्ष में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करें।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि राजग केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा का मजबूत संकल्प है। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा एक संघर्षशील कार्यकर्ता हैं और उनकी जीत बांकीपुर के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर राजग की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर की जनता भारी मतों से राजग प्रत्याशी को विजयी बनाकर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि आज का जनसमर्थन यह साबित करता है कि जनता राजग सरकार के विकास कार्यों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर का प्रत्येक मतदाता सुशासन, विकास और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि राजग के सभी घटक दल पूरी मजबूती से एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 30 जुलाई को बांकीपुर की जनता कमल के निशान पर मतदान कर नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री संतोष सुमन, मंत्री रामकृपाल यादव, मंत्री अरुण शंकर, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता सहित राजग के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बांकीपुर के नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित