पटना , जुलाई 30 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी मतदान में आज अपराह्न तीन बजे तक 27.82 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर तीन बजे तक 27.82 प्रतिशत मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभा चुके थे। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने अपनी जीत का भरोसा जताया, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने कुछ मतदान केंद्रों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह लोकतंत्र का महापर्व है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर क्षेत्र से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और उन्हें विश्वास है कि भाजपा की जीत होगी।उन्होंने कहा कि जनता विकास के मुद्दे पर मतदान कर रही है और बांकीपुर के लोग भाजपा के साथ हैं।

दूसरी ओर, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कुछ बूथों के निरीक्षण के दौरान कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास भाजपा कार्यकर्ता बैच लगाकर मौजूद थे और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे।

रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर लोगों पर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चाहिए।

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर उनके कई समर्थकों को हिरासत में लिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को बांकीपुर उपचुनाव में हार का डर है। उन्होंने कहा कि समर्थकों को हिरासत में लेने के पीछे सत्तारूढ़ दल का हाथ है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से निकलकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और बांकीपुर के विकास के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक श्याम रजक ने बांकीपुर में मतदान के बाद दावा किया कि भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल है और पार्टी की जीत तय है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। क्षेत्र के 3,79,616 मतदाता इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

मतदान के लिए कुल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है।मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त तक संपन्न कर ली जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित