बांका, मार्च 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि बांका जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बांका जिला के कटोरिया प्रखंड स्थित डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बांका जिले में विकास के कई कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि बांका में अनेक पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है, जिसमें घोघा से पंजवारा तथा अकबरनगर से अमरपुर सड़क शामिल है। अमरपुर में बाईपास रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है।
श्री कुमार ने कहा कि महिला आईटीआई एवं सभी अनुमडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है।उन्होंने कहा कि जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। बांका सदर अस्पताल भवन का निर्माण कराया गया है। मंदार पर्वत के रास्ते को ठीक कराया एवं रोप-वे (झूला) का निर्माण कराया गया है। चांदन जलाशय एवं ओढ़नी जलाशय का जीर्णोद्धार कराया गया है।उन्होंने कहा कि बांका जिले की आठ योजनाओं की स्वीकृति दी गयी है,जिन पर काम चल रहा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित