पटना , अक्टूबर 10 -- िहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय बाँस मिशन के तहत राज्य के 21 जिलों में बाँस की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर बनेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2.39 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत किसानों को प्रति हेक्टेयर 36 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। योजना से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे।
श्री सिन्हा ने कहा कि योजना के तहत किसानों, कृषि कर्मियों, कारीगरों और उद्यमियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लाभार्थियों में 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। योजना में पारदर्शिता के लिए जियोटैग तस्वीरों के माध्यम से कार्यों की निगरानी की जाएगी और प्रगति कृषि मैपर ऐप पर अपलोड की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन अररिया, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जमुई, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सिवान, सुपौल, पश्चिम चंपारण और वैशाली जिले में किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित