मथुरा , मई 08 -- मथुरा के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में श्री बांके बिहारी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास/ निर्माण परियोजना के अंतर्गत एक और रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपन्न हुई है।
इस पुनीत कार्य के लिये मकान संख्या 19 क्षेत्रफल 200.42 वर्ग मी का बैनामा रविन्द्र कुमार हाडा , नारायन हाडा तथा श्रीमती मंजू हाडा ने भूमि की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित किया है। अब तक कुल 14 बैनामें क्षेत्रफल 1386.82 वर्ग मीटर की रजिस्ट्री की जा चुकी है। 11 मई को चार मकान (लगभग क्षेत्रफल 415 वर्ग मीटर) बैनामें करने के लिये विक्रेतागणों ने अपने अभिलेख उपलब्ध करायें है।
उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर उच्च स्तरीय प्रबंधन कमेटी के निर्देशों के क्रम में लगातार रजिस्ट्री कराई जा रही है। जनसुविधाओं के विकास क्षेत्र में आने वाले निवासियों को पर्याप्त धनराशि दी जा रही है, दुकान के बदले दुकान दी जा रही है, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख एवं रुकमणि विहार में फ्लैट दिए जा रहे है। उक्त सभी सुविधाओं के दृष्टिगत भूसंपत्ति स्वामी अपनी रजिस्ट्री के लिए निरंतर आगे आ रहे है। सभी रजिस्ट्री पूर्ण कराने के लिये प्रशासन कटिबद्ध है।
श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आस पास विभिन्न परिसंपत्ति के स्वामी निरंतर क्रय समिति के संपर्क में है। जनसुविधाओं का विकास ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास/निर्माण हेतु भूमि क्रय की समस्त कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता एवं विधिक प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित