पटना , जुलाई 28 -- ारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने मंगलवार को दावा किया है कि बाँकीपुर विधानसभा उप चुनाव में महागठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार श्रीमती रेखा कुमारी गुप्ता की जीत सुनिश्चित है।श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि पार्टी के कार्यकर्त्ता बाँकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले सभी वार्डों में घर घर जाकर चुनाव प्रचार कर राजद उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाँकीपुर की जनता महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में गोलबंद हैं।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में बिहार की जनता ऊब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महँगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, हत्या, लूट, महिला उत्पीड़न, सामाजिक भेद भाव चरम पर है। सरकार ने कई जनविरोधी फैसला लिया है। छात्र-नौजवान आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके 47 से सिवान में फायरिंग की गई।

श्री पाण्डेय ने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा सरकार बनते ही अपराधी बेलगाम हो गयी है। पुलिसिया जुल्म बढ़ गया है। महँगाई आसमान छू रही है। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। महिला उत्पीड़न में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से जमीन छीन कर कौड़ी के भाव में पूंजीपतियों को सौप रही है। राज्य की जनता पर तरह तरह के टैक्स लादे गए हैं। खजाना खाली होने से राज्यकर्मियों के वेतन-पेंशन के भुगतान के संकट की खबरें आ रही है।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि बिहार के किसान, मजदूर छात्र-नौजवान, महिलाओं तथा आम जनता परेशान हैं। ऐसी हालत में बिहार की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि बदलाब की शुरुआत बाँकीपुर से होगी। बाँकीपुर विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित