बैतूल , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बहू द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट में घायल वृद्ध सास की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 फरवरी की है। फरियादिया शारदा (55), निवासी ग्राम पिपरिया, ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 9 बजे आरोपी रश्मि चिकाने उसके घर के सामने आई और बिना किसी कारण लकड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने इससे पहले अपनी सास प्रमिला बाई चिकाने (82) के साथ भी मारपीट की थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। घटना के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे दिनेश पाठेकर और कलश पाठेकर को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मुलताई अस्पताल ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 351(3) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल प्रमिला बाई को बाद में भोपाल के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 23 फरवरी को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि वृद्धा की मौत मारपीट से आई चोटों के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) जोड़ दी।
मुलताई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रश्मि चिकाने (47) को घटना के लगभग डेढ़ महीने बाद कल गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित