पटना , जुलाई 17 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी 'गूगल' के सहयोग से प्रदेश में डिजिटल कृषि के संकल्प को साकार किया जायेगा।
श्री सिन्हा ने आज नई दिल्ली में 'गूगल' के गवर्नमेंट बिजनेस हेड आशीष वट्टल एवं उनकी टीम के साथ बैठक कर कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, फार्मर आईडी तथा किसानों को बीज से बाजार तक तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कृषि मंत्री ने बैठक के उपरांत बयान जारी कर कहा कि भारत की विकास यात्रा में किसानों का योगदान सर्वोपरी रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के "जय जवान, जय किसान" के मंत्र से प्रेरणा ली और अटल बिहारी वाजपेयी ने इसमें "जय विज्ञान" का सूत्र जोड़ा। उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे आगे बढ़ाते हुए "जय अनुसंधान" का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि यही "जय अनुसंधान"आज कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार और डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से किसानों के जीवन में परिवर्तन का आधार बन रहा है।
श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि देश के प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बने, जो केवल एक पहचान पत्र नहीं बल्कि किसान का डिजिटल कृषि अभिलेख होगी। इसमें किसान को मिलने वाली उर्वरक एवं कीटनाशी की उपलब्धता, विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त सब्सिडी, कृषि उपज की खरीद सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एकीकृत रूप से उपलब्ध रहेंगी। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंच सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित