जौनपुर , सितंबर 02 -- आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद उर्फ चंद्रशेखर रावण बुधवार शाम मछलीशहर पहुंचे, जहां कुंवरपुर टोल प्लाजा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और उत्साह के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में श्री आजाद ने कहा कि मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में उनका कार्यक्रम है और आजाद समाज पार्टी को मजबूत कर बहुजन समाज के लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी, इस सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट संख्या बताने के बजाय कहा कि इसके बारे में जोन के लोगों से पूछा जाए। उन्होंने कहा कि मछलीशहर सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार चंद्रशेखर आजाद गुरुवार तीन सितंबर को मछलीशहर में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद बंधवा के रास्ते मीरगंज पहुंचकर जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके जौनपुर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम बताया गया है।

चंद्रशेखर आजाद के मछलीशहर दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित