पटना,21 जनवरी (वार्ता) बिहार की राजधानी पटना के बहुचर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय नीरज कुमार की अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से छठा गवाह पेश किया गया। छठे गवाह के रूप में सीजर लिस्ट बनाने वाली महिला दारोगा गुड़िया कुमारी ने गवाही दी। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए अदालत ने अगली तिथि 28 जनवरी निर्धारित की है। गवाही के दौरान इस मामले में आरोपित उमेश यादव को जेल से लाकर अदालत में सशरीर उपस्थित कराया गया था, जबकि दूसरा आरोपित अशोक साहू उर्फ अशोक कुमार को बीमार रहने के कारण वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में उपस्थित कराया गया था।
गौरतलब है कि चार जुलाई की रात्रि में अपराधियों ने उद्योगपति गोपाल खेमका की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास के निकट पहुंचे थे ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित