हरिद्वार , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में गौ तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को थाना बहादराबाद पुलिस ने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह सभी आरोपित पूर्व में भी गौकशी, गौमांस तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ पहले से कई अभियोग दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद ने क्षेत्र में ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के तहत चालानी रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय को भेजी जा रही है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जनपद में गौ तस्करी और पशु क्रूरता जैसे अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित