हरिद्वार , मई 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के बहादराबाद टोल प्लाजा पर मंगलवार को टोल टैक्स में कथित अनियमितताओं और जबरन वसूली के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बन गयी।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ज्वालापुर से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर अपने समर्थकों और किसान नेताओं के साथ मौके पर पहुंचे और टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासियों से नियमों के विपरीत टोल वसूला जा रहा है, जबकि उन्हें छूट का प्रावधान है। विधायक ने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।

धरने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने टोल को अस्थायी रूप से फ्री करवा दिया और वाहनों को बिना शुल्क गुजरने दिया। इससे कुछ देर के लिए यातायात सामान्य तो रहा लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं । दोपहर बाद भी प्रशासन और टोल प्रबंधन के बीच वार्ता जारी रही, ताकि स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित