मनामा/कुवैत सिटी , जून 06 -- बहरीन और कुवैत ने अपने क्षेत्रों पर हुए ताजा ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह सैन्य कार्रवाई क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है और इससे व्यापक संघर्ष फैलने की आशंका बढ़ गयी है।

दोनों खाड़ी देशों ने कहा कि ये हमले उनकी संप्रभुता का उल्लंघन हैं और इससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं और गहरी हो गयी हैं। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह हमला "खतरनाक उकसावे" की श्रेणी में आता है और इससे नागरिकों तथा प्रवासी निवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गयी है। मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई कुवैत की संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन है और ऐसे कदमों को तत्काल रोकने की आवश्यकता है, जो क्षेत्र में अस्थिरता को और बढ़ा सकते हैं।

दूसरी ओर, अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय की मेजबानी करने वाले बहरीन ने भी दावा किया कि उसके क्षेत्र को ईरानी मिसाइलों का निशाना बनाया गया। बहरीन ने अपने क्षेत्र पर हुए हमलों की निंदा करते हुए पड़ोसी कुवैत को निशाना बनाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। यह घटनाक्रम अमेरिकी सेना के उस दावे के बाद सामने आया है, जिसमें कहा गया था कि शुक्रवार को ईरान ने कुवैत और बहरीन की ओर सात बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। इससे कुछ घंटे पहले चार ईरानी हमलावर ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मार गिराये गये थे।

अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अनुसार सात में से छह मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक लिया गया, जबकि सातवीं मिसाइल अपने लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रही। सेंटकॉम ने कहा कि इस हमले में किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही उसने ईरान के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें बहरीन स्थित अमेरिकी पांचवें बेड़े के मुख्यालय को नुकसान पहुंचाने की बात कही गयी थी।

दूसरी ओर, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने हालिया अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में "दुश्मन के ठिकानों" को निशाना बनाया। ईरान का कहना है कि यह हमला उन अमेरिकी अभियानों के बाद किया गया, जिनमें कथित रूप से ईरान के भीतर रडार प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया और होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट ईरानी ड्रोन को रोका गया था। यह घटनाक्रम अप्रैल में हुए नाजुक युद्धविराम को और कमजोर कर सकता है तथा युद्ध समाप्त करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों को झटका पहुंचा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित