बहराइच , सितम्बर 09 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को रुपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने करीब 60 लाख रुपये कीमत की 4.917 किलोग्राम अफीम बरामद कर नेपाल के एक दंपति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम ने भारत-नेपाल सीमा से बहराइच जाने वाले मार्ग पर जैतापुर मोड़ से पहले पुराने बस स्टॉप के पास एक ट्रैवलर वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में यात्री के रूप में सफर कर रहे नेपाल निवासी चट्टान बसनेर और उसकी पत्नी गीता खत्री के पास मौजूद एक काले रंग के बैग से 4.917 किलो अफीम बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ट्रैवलर चालक और सह-चालक की मदद से अफीम की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने मामले में नेपाली नागरिक चट्टान बसनेर, उसकी पत्नी गीता खत्री, चालक राजकुमार और सह-चालक देवेन्द्र बुढा को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में शामिल ट्रैवलर वाहन, चार मोबाइल फोन, 6,510 रुपये भारतीय मुद्रा और 4,310 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। इस संबंध में थाना रुपईडीहा में मुकदमा संख्या 241/2026 के तहत धारा 8/18/29/60 एनडीपीएस एक्ट एवं 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी लगातार जारी है। मामले में आरोपियों के तस्करी नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में भी जांच की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में रुपईडीहा पुलिस के साथ एसएसबी की 42वीं बटालियन की टीम भी शामिल रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित