बहराइच , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 10वें आर्म्ड फोर्स वेटरन्स डे के अवसर पर बुधवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों, वीरता तथा विशिष्ट पदक विजेताओं और दिवंगत पूर्व सैनिकों की पत्नियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने वीर नारियों के बलिदान, त्याग और देश सेवा के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि "सर्वस्त्र न्यौछावर कर देश की सीमा की रक्षा करने के परिणाम स्वरूप ही आज देश विकास के पथ पर अग्रसर है।" डीएम ने इस अवसर पर सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान, श्री त्रिपाठी ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी (अवकाश प्राप्त) कर्नल महेश चन्द्र ध्यानी के साथ मिलकर ब्रिगेडियर टी.पी. शुक्ला और इण्डो-चाइना वार में शहीद स्व. अंग्रेज सिंह के परिवार को सर्टिफिकेट, शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए। साथ ही, द्वितीय विश्व युद्ध के दिवंगत सैनिक की पत्नी और तीन नान पेंशनर पूर्व सैनिकों को कम्बल और शाल देकर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित