बहराइच , मार्च 07 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार को जिला ग्राम्य विकास संस्थान में "कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत" विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग तथा महानिदेशक उपाम एवं एसआईआरडी एल. वेंकटेश्वर लू ने मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
संगोष्ठी में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गैर सरकारी संगठनों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन तथा अन्य स्टेक होल्डर्स ने भाग लिया। अपने संबोधन में अपर मुख्य सचिव एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए कर्मयोग की मूल विचारधारा को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर्मयोग केवल आध्यात्मिक दर्शन नहीं बल्कि जीवन का व्यावहारिक मार्गदर्शन है, जो समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। कर्मयोग व्यक्ति में आत्मज्ञान को जागृत करता है और युवाओं को अपने जीवन के उद्देश्यों को समझने में सहायता प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। युवाओं को केवल सपने देखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कर्मयोग के मार्ग पर चलकर उन्हें साकार करने के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने भारतीय दर्शन में कर्मयोग की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यही सिद्धांत व्यक्ति को लक्ष्य की ओर अग्रसर करता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को सशक्त बनाता है।
श्री लू ने नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। तभी समाज को नशे की समस्या से मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने अभ्युदय कोचिंग योजना के माध्यम से जिले के 13 छात्रों के विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन होने पर अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोचिंग के लिए ऐसे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनमें प्रतिभा तो है लेकिन संसाधनों के अभाव में वे कोचिंग नहीं कर पाते। साथ ही चयनित विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर मोटिवेशनल कक्षाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से सभी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अभ्युदय योजना की कोचिंग का लाभ उठाकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय, जिला प्रशिक्षण अधिकारी आलोक कुशवाहा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, डॉ. सी.पी.एन. गौतम, योग शिक्षक नागेश कुमार, राज्य मद्य निषेध अधिकारी आर.एल. राजवंशी, वरिष्ठ प्रशिक्षक नरेश चन्द, अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. संजय चतुर्वेदी, एडीओ आईएसबी सत्यव्रत श्रीवास्तव, ज्योति सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव अमर सिंह, एडीओ पंचायत आशुतोष मिश्रा, संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट, शिव पूजन सिंह, दुर्गेश वर्मा, शशांक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित