बहराइच , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नहर किनारे प्लास्टिक के बोरे में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए पुलिस ने हत्या के मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बस्ती जिले के आकाश गुप्ता के रूप में हुई है। मामले में प्रेम संबंधों को लेकर विवाद के बाद युवक की हत्या किए जाने और शव को बोलेरो वाहन से लाकर बहराइच में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में कथित तौर पर प्रयुक्त बिजली का तार, दो डंडे और बोलेरो वाहन बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा निवासी पूनम देवी (25) और उसके पति राजकुमार गुप्ता (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 15 अक्टूबर को छंगा चौराहे से गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे डायल-112 के माध्यम से मटेरा थाना पुलिस को ग्राम लीलापारा स्थित पीपरहवा नहर के किनारे प्लास्टिक के बोरे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीरें और पर्चे विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए गए तथा पुलिस की टीमें लगाई गईं।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर को विकास कसौधन ने पुलिस से संपर्क कर तस्वीर के आधार पर शव की पहचान अपने भाई आकाश गुप्ता, निवासी गंधरिया बुजुर्ग, थाना रुधौली, जिला बस्ती के रूप में की। अगले दिन पोस्टमार्टम गृह पहुंचकर पहचान की पुष्टि करने के बाद मृतक के भाई ने मटेरा थाने में नामजद तहरीर दी। इसके आधार पर पूनम देवी और राजकुमार गुप्ता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और पूछताछ से सामने आया कि मुंबई में काम करने वाले आकाश गुप्ता का पूनम देवी से संबंध था। इसकी जानकारी पूनम के पति राजकुमार को भी थी। इस संबंध को लेकर करीब डेढ़ वर्ष पहले मल्हीपुर थाने और महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, इसके बावजूद आकाश द्वारा पूनम से मिलने का दबाव बनाए जाने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 10 अक्टूबर की रात करीब साढ़े सात बजे राजकुमार ने अपनी पत्नी के माध्यम से आकाश को श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर बुलाया। वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और राजकुमार, पूनम, पूनम के पिता फूलचंद तथा उसके भाई अनुज ने कथित तौर पर बिजली के तार से गला दबाकर और डंडे से मारपीट कर आकाश की हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित