बहराइच , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिला स्थित महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए स्टेपलर तकनीक के माध्यम से पाइल्स (बवासीर) का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया है। सर्जरी विभाग की इस सफलता को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय मरीज गोपीनाथ लंबे समय से ग्रेड-4 पाइल्स की गंभीर समस्या से पीड़ित था। पारंपरिक सर्जरी के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अत्याधुनिक "स्टेपलर हेमोरॉयडेक्टॉमी" तकनीक अपनाई, जो कम दर्द, न्यूनतम रक्तस्राव और शीघ्र रिकवरी के लिए जानी जाती है।
सर्जन डॉ. राहुल अग्रवाल एवं डॉ. सैयद ने बताया कि इस तकनीक में शरीर के बाहरी हिस्से में कोई चीरा या टांका नहीं लगाया जाता, जिससे संक्रमण का खतरा भी कम हो जाता है। ऑपरेशन सफल रहने के बाद मरीज को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उसकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. राहुल अग्रवाल के साथ डॉ. अमित, डॉ. बृजेश, डॉ. दिवाकर और डॉ. शिवम् मदेशिया की टीम शामिल रही। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. आशीष एवं डॉ. हिले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित