बहराइच , जून 03 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में आकांक्षी ब्लॉक हुज़ूरपुर ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रोजेक्ट "मातृ छाया" के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हुज़ूरपुर में बुधवार को अत्याधुनिक प्रसव एवं मातृ-शिशु देखभाल केंद्र का शुभारंभ किया गया, जिससे अब ग्रामीण महिलाओं को भी निजी एवं कॉरपोरेट अस्पतालों जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हो सकेंगी।
क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि निशांक त्रिपाठी तथा ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा का लोकार्पण किया। यह परियोजना पीएसआई इंडिया एवं एसबीआई फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से विकसित की गई है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अब शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि अत्याधुनिक प्रसव केंद्र और नवजात शिशु देखभाल इकाई के संचालन से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी तथा हुज़ूरपुर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले के लिए एक मॉडल ब्लॉक के रूप में स्थापित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित