बहराइच , दिसंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नगर कोतवाली इलाके में स्थित घंटाघर चौक पर मंगलवार की सुबह एक सनकी युवक ने हंगामा मचा दिया। युवक ने एक मकान की छत पर चढ़कर चौक पर लगे कैमरे और उनके तारों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के बीच, राजेश नामक एक व्यक्ति युवक को सीढ़ी के सहारे नीचे उतारने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवक ने उसे नीचे गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद दमकल कर्मियों ने युवक को काबू करके नीचे उतार लिया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित